नई दिल्ली : खेल एवं युवा मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 का ऐलान कर दिया है। पिछले चार वर्षों में बेहतरीन प्रदर्शन और खेल भावना का परिचय देने वाले सत्रह खिलाड़ियों को इस साल अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसमें एथलेटिक्स से तेजस्विन शंकर, मोहम्मद अजमल वी और प्रियंका गोस्वामी शामिल हैं। बैडमिंटन में ट्रेसा जॉली और पुलेला गायत्री गोपीचंद को, जबकि बॉक्सिंग में नरेंद्र को यह पुरस्कार मिलेगा। शतरंज में विदित संतोष गुजराती और दिव्या जितेंद्र देशमुख को चुना गया है। बधिर शूटिंग में धनुष श्रीकांत, हॉकी में लालरेम्सियामी व राजकुमार पाल और कबड्डी में सुरजीत व पूजा को अर्जुन पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त पैरा शूटिंग में रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा एथलेटिक्स में एकता भ्यान, नौकायन में अरविंद सिंह और शूटिंग में अखिल शेरोन को इस सम्मान के लिए चुना गया है।
सेवानिवृत्ति के बाद भी खेल के विकास में योगदान देने के लिए पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी आई. अरुमईनायगम को अर्जुन पुरस्कार लाइफटाइम श्रेणी से नवाजा जाएगा। खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निखारने वाले कोचों को मिलने वाला द्रोणाचार्य पुरस्कार नियमित श्रेणी में एथलेटिक्स के परवीर सिंह, बॉक्सिंग के छोटे लाल यादव और शूटिंग की नेहा नंदकुमार चव्हाण को मिलेगा। द्रोणाचार्य पुरस्कार की लाइफटाइम श्रेणी में बॉक्सिंग कोच धर्मेंद्र सिंह यादव और कुश्ती कोच वीरेंद्र कुमार को सम्मानित किया जाएगा। वहीं खेल प्रोत्साहन और विकास के क्षेत्र में बेहतरीन काम के लिए पुणे स्थित आर्मी पैरालिंपिक नोड को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार 2025 प्रदान किया जाएगा। उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली समिति की सिफारिशों के बाद सरकार ने इन नामों की आधिकारिक घोषणा की है।






