मिजोरम, आइजल: मिजोरम के खेल मंत्री रॉबर्ट रिमाविया रॉयटे ने जनसांख्यिकीय रूप से छोटे मिजो समुदाय के बीच जनसंख्या वृद्धि को प्रोत्साहित करने के लिए अपने निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक बच्चों वाले जीवित माता-पिता को 1 लाख रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
वे आइजल पूर्व – 2 विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि हैं। नकद पुरस्कार के साथ प्रमाण पत्र और ट्रॉफी भी प्रदान करने की बात कही गई है होगी। हालांकि मंत्री ने अपने बयान में न्यूनतम बच्चों की संख्या का कोई उल्लेख नहीं किया है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार की राशि उनके बेटे के स्वामित्व वाले नॉर्थ ईस्ट कंसलटेंसी सर्विसेज की ओर से प्रदान की जाएगी।
उनका बयान ऐसे समय में आया है जब केंद्र के साथ कई राज्यों की सरकारें जनसंख्या नियंत्रण नीति अपनाने की वकालत कर रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि बांझपन और मिजो आबादी की घटती दर गंभीर चिंता का विषय बन गई है। इसे गंभीरता से लेने की जरूरत है। गौरतलब है कि मिजोरम का जनसंख्या घनत्व केवल 52 व्यक्ति प्रति वर्ग किलोमीटर है, जो कि राष्ट्रीय औसतन 282 व्यक्ति प्रति वर्ग किमी से काफी कम है। यहां बताना प्रासंगिक होगा कि देश का सबसे कम जनसंख्या घनत्व अरुणाचल प्रदेश का है।
इस राज्य का जनसंख्या घनत्व महज 17 व्यक्ति प्रति वर्ग किमी है। मालूम हो कि 2011 की जनगणना के अनुसार मिजोरम की जनसंख्या 1,091,014 थी। राज्य का क्षेत्रफल लगभग 21,087 वर्ग किमी है।