पंजाब, चंडीगढ़ : पंजाब के मनसा जिले में अज्ञात लोगों ने कांग्रेस नेता और पंजाबी गायक शुभदीप सिंह उर्फ सिद्धू मूसेवाला पर गोली चलाई, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि अज्ञात हमलावरों ने अचानक से सिद्धू मूसेवाला पर एके-47 से करीब 30 राउंड फायरिंग की। इस गोलीबारी में दो लोग घायल भी हुए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक घायल सिद्धू को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही पंजाब सरकार ने 424 लोगों की सुरक्षा वापस ले ली थी। इनमें सिद्धू भी शामिल थे। मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब सरकार पर सवाल उठ रहे हैं क्योंकि एक दिन पहले ही भगवंत मान सरकार ने मूसेवाला समेत 424 लोगों की पुलिस सुरक्षा वापस ले ली थी। सिद्धू मूसेवाला ने विधानसभा का चुनाव कांग्रेस के टिकट पर मानसा से लड़ा था और उन्हें आम आदमी पार्टी (आप) उम्मीदवार विजय सिंगला ने 63 हजार मतों के भारी अंतर से हराया था।
स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी दी गई विजय सिंगला को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भ्रष्टाचार के आरोप में बर्खास्त कर दिया था। गायक ने कथित तौर पर अपने गाने में आप समर्थकों को गद्दार (देशद्रोही) कहा था।