असम, गुवाहाटी : ऑपरेशन जल राहत’ के तहत 57 माउंटेन आर्टिलरी ब्रिगेड द्वारा असम के बाढ़ प्रभावित जिलों में बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। ताजा अपडेट के अनुसार, तीन अलग-अलग टुकड़ियों को शिवसागर, जोरहाट और चराइदेव जिलों में तैनात किया गया है।
चराइदेव जिले के सोनारी इलाके में 20 असम राइफल्स की टीम ने जिला प्रशासन और एसडीआरएफ के साथ मिलकर देर रात से ही मोर्चा संभाल लिया। टीम ने सुबह तड़के थुकुबिल गांव में चलाए गए एक साहसिक अभियान के दौरान 15 पुरुषों, 5 महिलाओं और 5 शिशुओं सहित कुल 25 फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद राहत दल सिमलगुड़ी की ओर रवाना हो गया है, जहां लगभग 40 अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है।
दूसरी ओर, शिवसागर जिले में गार्गांव कॉलेज को कंट्रोल प्वाइंट बनाया गया है। यहां रेकी टीम पहले से ही तैनात है, जबकि मुख्य टुकड़ी और इंजीनियरिंग टास्क फोर्स जल्द ही मौके पर पहुंचने वाली है। इस टीम का नेतृत्व लेफ्टिनेंट कर्नल विकास गुप्ता और लेफ्टिनेंट कर्नल पुष्पेंद्र कर रहे हैं।
जोरहाट जिले के मरियानी क्षेत्र में मेजर राहुल पंवार के नेतृत्व में सेना की एक और टुकड़ी को रवाना किया गया है। सड़क पर कई जगहों पर पानी और मलबे के कारण रास्ता बाधित होने के बावजूद टीम आगे बढ़ रही है। 41 सब एरिया से मिले निर्देशों के आधार पर आगे की राहत सामग्री और मदद पहुंचाई जा रही है, जबकि सुरक्षा के लिहाज से अतिरिक्त रिजर्व टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।






