मेघालय, शिलांग: मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा के आवास पर कल रात अज्ञात बदमाशों ने पेट्रोल बम फेंके। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह घटना रात करीब 10.15 बजे हुई, जब वाहन सवार हमलावरों ने अपर शिलांग में थर्ड माइल स्थित उनके निजी आवास के परिसर में मोलोटोव कॉकटेल की दो बोतलें फेंक दीं।
एक वरिष्ठ जिला पुलिस अधिकारी के अनुसार घटना में कोई घायल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पहली बोतल घर के सामने के हिस्से में फेंकी गई थी, जबकि दूसरी को पीछे फेंक दिया गया था। इस घटना में कोई नुकसान नहीं हुआ और मौके पर मौजूद गार्ड में तुरंत आग बुझा दी।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने शिलांग में कर्फ्यू लगा दिया है और कम से कम चार जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध लगा दिया है। स्वतंत्रता दिवस पर राज्य की राजधानी और आसपास के इलाकों में तोड़फोड़ और आगजनी की गई थी।
उधर शिलांग में हिंसा और आगजनी के बीच मेघालय के गृह मंत्री लखमेन रिंबुई ने इस्तीफा दे दिया है। मालूम हो कि शिलांग में एक पूर्व आतंकवादी की पुलिस द्वारा गोली मारने के बाद हिंसा भड़क उठी। रिंबुई ने मुख्यमंत्री से आत्मसमर्पण करने वाले प्रतिबंधित हाइनीवट्रेप नेशनल लिबरेशन काउंसिल के स्वयंभू महासचिव चेरिस्टरफील्ड थांगख्यू की शूटिंग की न्यायिक जांच करने का भी आग्रह किया है।
गौरतलब है कि 2018 में आत्मसमर्पण करने वाले थांगख्यू की 13 अगस्त को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब उसने राज्य में आईईडी विस्फोटों की एक श्रृंखला के सिलसिले में अपने घर पर छापेमारी के दौरान कथित तौर पर एक पुलिस दल पर चाकू से हमला करने की कोशिश की थी।






